टूंडला-फिरोजाबाद हाइवे पर पलटा पड़ा ट्रैक्टर व ट्रोली
- फोटो : TUNDLA
टूंडला (फिरोजाबाद)। फिरोजाबाद हाईवे पर आगरा से फिरोजाबाद जा रही फाउंड्रीनगर डिपो की बस की स्टेयरिंग फेल हो गए। अनियंत्रित हुई बस आगे चले रहे ट्रैक्टर से टकरा गई। इससे ट्रैक्टर खाई में जा गिरा। इस बीच ट्रैक्टर की चपेट में एक बाइक सवार भी आ गया। हादसे में बस यात्री, ट्रैक्टर व बाइक चालक सहित करीब छह लोग घायल हो गए।
घटना सोमवार दोपहर ढाई बजे करीब की है। फाउंड्रीनगर की एक बस आगरा से करीब 40 सवारियां लेकर फिरोजाबाद जा रही थी। बस हजरतपुर के निकट पहुंची तभी अचानक बस की स्टेयरिंग फेल हो गई। चालक ने बस को नियंत्रित करने का प्रयास किया, किंतु अनियंत्रित हुई बस आगे चल रहे सीमेंट से भरे ट्रैक्टर ट्रॉली से भिड़ गई। अनियंत्रित बस की टक्कर से ट्रैक्टर ट्रॉली सहित खाई में गिरकर पलट गया।
इस बीच हाईवे पर दौड़ती एक बाइक भी बस की चपेट में आ गई। तेज धमाके के साथ हुए हादसे से बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में बस सवार यात्री तरन्नुम निवासी प्रकाश नगर थाना एत्माउद्दौला आगरा, बस चालक छोटू एवं बाइक सवार लक्ष्मीनरायन निवासी गढ़ी जाफर गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा ट्रैक्टर चालक व दो अन्य यात्रियों के भी चोटें आई हैं। मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा।
दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को देखते समय मैजिक पलटी, दो घायल
टूंडला। हाइवे पर हुए बस-ट्रैक्टर हादसे के कुछ देर बाद ही एक अन्य हादसा हो गया। हादसे में क्षतिग्रस्त वाहनों को देख रहा एक मैजिक चालक गाड़ी से नियंत्रण खो बैठा। मैजिक डिवाइडर से टकराते हुए पलट गई। मौके पर मौजूद पुलिस ने मैजिक चालक धर्मेंद्र व उसके साथी मोहम्मद याकूब को महोबा घायल हो गए। मैजिक आगरा से फल लेकर फिरोजाबाद जा रही थी। मैजिक चालक वाहनों को देखने लगा। ऐसे में मैजिक से नियंत्रण खो बैठा तथा मैजिक भी पलट गई।