कासगंज के सहावर-चाड़ी रेलमार्ग पर दो हिस्सों में बंटी मालगाड़ी
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। कासगंज-मथुरा ट्रैक पर मरम्मत के लिए शुक्रवार को ब्लॉक लिया गया। इस दौरान कुछ ट्रेनें प्रभावित रहीं। वहीं कई ट्रेनों को ट्रैक की पटरी बदलने के बाद कॉशन देकर निकाला गया।
मथुरा ट्रैक पर गांव नदरई के समीप पटरी में गोलाई होने के कारण ट्रेनों को कॉशन देकर निकाला जाता था। इससे ट्रेनों की गति धीमी हो जाती थी और ट्रेनें प्रभावित होती थीं। ऐसे में रेलवे ने गोलाई को खत्म करने के लिए ट्रैक पर शाम चार बजे से छह बजे तक ब्लॉक लिया। ब्लॉक लेने के कारण ट्रेनें प्रभावित हुईं।
कासगंज से मथुरा की ओर जाने वाली ट्रेन संख्या 55341 अपने निर्धारित समय 5:10 बजे से देरी से छह बजे रवाना की गई। वहीं मथुरा की ओर से कासगंज जाने वाली ट्रेन संख्या 55334 अपने निर्धारित समय से 5:40 बजे कासगंज न पहुंचकर लगभग एक घंटे प्रभावित हुई। यह ट्रेन मारहरा स्टेशन पर खड़ी रही। ट्रेनों के प्रभावित होने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
पशु फंसा, दो हिस्सों में बंटी मालगाड़ी
कासगंज। फर्रुखाबाद से चलकर कासगंज की ओर आ रही मालगाड़ी शुक्रवार शाम पांच बजे सहावर स्टेशन से निकलकर चाड़ी के समीप दो हिस्सों में बंट गई। पशु फंस जाने के कारण ट्रेन की कपलिंग टूट गई और ट्रेन दो हिस्सों में बंटी। जानकारी पर आनन-फानन में रेलवे के तकनीकी विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और ट्रेन की कपलिंग जोड़कर मालगाड़ी की को कासगंज की ओर रवाना किया।