आगरा। ताजमहल पर आने वाले पर्यटकों के साथ ठगी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पर्यटन पुलिस ने पूर्वी गेट, पश्चिमी गेट और पार्किंग क्षेत्रों में चार सिपाहियों को सादा कपड़ों में तैनात किया है। ये पुलिसकर्मी भीड़ के बीच रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं और ठगी करने वालों की पहचान कर कार्रवाई कर रहे हैं।
वीकेंड और नए साल तक छुट्टियों के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर अवांछित तत्व पर्यटकों को घेरकर ठगी की घटनाओं को अंजाम न दें, इसलिए पुलिस ने सख्ती की है। पर्यटन थाना प्रभारी रूबी सिंह ने बताया कि पर्यटकों पर दबाव बनाकर खरीदारी कराने और भ्रमित करने की कई बार शिकायतें मिलती हैं। इसे रोकने के लिए सिविल ड्रेस में निगरानी शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि छुट्टियों के चलते इन दिनों पर्यटकों की संख्या काफी बढ़ गई है, इसी को देखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है। पर्यटकों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं और किसी प्रकार की परेशानी होने पर तुरंत पर्यटन पुलिस या हेल्प डेस्क से संपर्क करें। ठगी या अवैध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।