दुनिया के सातवें अजूबे ताजमहल के दीदार के लिए हर साल एक करोड़ पर्यटक आ रहे हैं, लेकिन ताज को छोड़कर शहर में पर्यटन का अन्य आकर्षण विकसित नहीं हो सका है। पर्यटकों की सहूलियत के लिए 12 साल से सिविल एन्क्लेव बन पाया, न ही पांच साल से बंद आगरा किला का लाइट एंड साउंड शो ही शुरू हुआ।
तीन विश्व धरोहर ताजमहल, आगरा किला और फतेहपुर सीकरी के साथ 150 से ज्यादा मुगलिया धरोहर आगरा में हैं, लेकिन ताजमहल के अलावा अन्य जगहों पर पर्यटक नहीं पहुंच पा रहे हैं। पर्यटन संगठनों ने शहर में सिविल एन्क्लेव, लाइट एंड साउंड शो, नाइट बाजार, रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, महताब बाग को रात में खोलने, स्मारकों पर कृत्रिम रोशनी से जगमगाने की मांग की। मर इनमें से एक भी मांग पूरी नहीं हुई।
टूरिज्म गिल्ड के अध्यक्ष राजीव सक्सेना ने बाताया कि एक साल पहले लाइट एंड साउंड शो शुरू होना था, अब तक नहीं हो पाया। सीकरी, सिकंदरा, शहीद स्मारक पर लाइट एंड साउंड शो के दावे अब भी जमीन पर नहीं उतर पाए।
अफसरों के लिए ट्रायल आज
आगरा किला में पांच साल से बंद पड़े लाइट एंड साउंड शो को बीते साल 15 सितंबर को शुरू किया जाना था, लेकिन अब तक यह शुरू नहीं हो पाया। विश्व पर्यटन दिवस के मौके पर मंडलायुक्त की अध्यक्षता में बनाई गई कमेटी शुक्रवार शाम को आगरा किला में लाइट एंड साउंड शो का ट्रायल देखने के लिए जाएगी। क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी दीप्ति वत्स ने बताया कि कमेटी के देखने के बाद तय होगा कि यह शो कब से आम लोगों के लिए शुरू किया जाए।
ग्रांड होटल में पर्यटन और शांति पर गोष्ठी आज
विश्व पर्यटन दिवस पर ग्रांड होटल, स्टेशन रोड पर सुबह 11 बजे से पर्यटन विभाग की ओर से विचार गोष्ठी आयोजित की जाएगी। शहर के पर्यटन से जुड़े संगठन आगरा कैंट स्टेशन, आगरा किला और ताजमहल पर पर्यटकों का स्वागत करेंगे।