कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए लोगों की ट्रैकिंग होगी। उनकी स्क्रीनिंग कर नमूने लिए जाएंगे। जांच रिपोर्ट आने तक होम क्वारंटीन में रहना होगा। संक्रमित मिलने पर होम आइसोलेशन में उपचार दिया जाएगा।
ट्रैकिंग टीम के प्रभारी डॉ. नंदन सिंह ने बताया कि संक्रमित मरीज के ऑफिस, कॉलेज के अलावा अन्य संपर्क में आए कम से कम 25 लोगों की ट्रैकिंग होगी। मरीज से पूछकर ऐसे लोगों की रिपोर्ट बनेगी। उनकी स्क्रीनिंग कर अनिवार्य रूप से नमूने लिए जाएंगे।
जांच रिपोर्ट आने तक सभी को होम क्वारंटीन में रहना होगा। इनमें से कोई संक्रमित मिलता है तो उसे होम आइसोलेशन में रखा जाएगा। संक्रमित मरीज के परिजनों के भी नमूने लेकर जांच कराई जाएगी।
संक्रमित मरीज के घर के आसपास 100 घरों में स्वास्थ्य सर्वे
संक्रमित मरीज के घर के आसपास 100 घरों में स्वास्थ्य सर्वे होगा। एएनएम-आशाएं जाकर स्क्रीनिंग करेंगी। उनमें कोरोना के लक्षणों की पता करने के साथ यात्रा समेत अन्य जानकारी जुटाएगी। 10 दिन में पहले दिन, तीसरे और दसवें दिन स्क्रीनिंग होगी।