आगरा में कोरोना संक्रमण की रफ्तार फिर से तेज हो गई है। नए मरीजों के आंकड़े में बड़ा उछाल आया है। तीन दिन में नए मरीजों का आंकड़ा तीन गुना हो गया है। सोमवार को कोरोना के 13 मरीज मिले है। इससे पहले रविवार को आठ और शुक्रवार-शनिवार को चार-चार मरीज मिले थे। वहीं एक संक्रमित मरीज की मौत भी हो गई है, जिससे मृतकों का आंकड़ा 176 पर पहुंच गया है।
प्रशासन की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार जिले में अब तक 602154 लोगों की कोरोना जांच हो चुकी है। इनमें 10593 संक्रमित पाए गए। कुल संक्रमितों में से 10373 मरीज ठीक हो गए हैं, जबकि एक साल में 176 मरीजों की मौत हो चुकी है। जिले में अब सक्रिय मरीजों की संख्या 44 पर पहुंच गई है। मरीजों के स्वस्थ होने की दर घटकर 97.92 फीसद पर आ चुकी है। इससे पहले यह दर 98 फीसदी के पार थी।
एक साल पहले तीन मार्च 2020 को आगरा में पहली बार कोरोना के मरीज मिले थे। इसके बाद तेजी से संक्रमण बढ़ा। जनवरी 2021 में संक्रमण की रफ्तार कम होती गई। फरवरी महीने में कई दिन ऐसे बीते, जब कोई मरीज नहीं मिला। एक साल बाद फिर से संक्रमण तेजी से बढ़ने लगा है। दो महीने बाद नए मरीजों का आंकड़ा दहाई के पार पहुंचा है। इससे पहले 12 जनवरी को 13 मरीज मिले थे।