आगरा। ऊषा जैन स्मृति टेबिल टेनिस प्रीमियर लीग में आज डोमिनेटर टीटी और टीटी एवेंजर के बीच खिताबी भिड़ंत होगी। लीग के छठवें दिन खेले गए सेमी फाइनल मैचों में डोमिनेटर टीटी ने 6-3 और टीटी एवेंजर ने 5-4 से जीत दर्ज कर फाइनल में स्थान बनाया।
कमला नगर स्थित स्टैग पैंथर्स टेबल टेनिस एकेडमी में खेले गए पहले मुकाबले में कूल मून लॉयन को डोमिनेटर टीटी ने हरा दिया। एकल मुकाबले में ललित ने 3-0 से यज्ञ को, जय ने 3-0 से चितवन को, गौरी ने 3-0 से कुहू को, पहल ने 3-1 से दृति को और कनक ने 3-0 से तनिष्क को पराजित किया। युगल मुकाबलों में गौरी-तनिष्का की जोड़ी ने 3-0 से जय-कुहू की जोड़ी को, यज्ञ-चितवन की जोड़ी ने 3-0 से ललित-तनव की जोड़ी को पराजित किया।
दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में टीटी एवेंजर ने महारानी रॉयल को हराकर फाइनल में स्थान बनाया। एकल मुकाबले में माधव ने 3-0 से नैतिक को, शौर्य ने 3-0 से प्रियांश को, अंशिता ने 3-0 से उर्वी को, तन्मय ने 3-2 से शौर्य को और कृष्णा ने अयान को 3-0 से मात दी। युगल वर्ग में उर्वी-नैतिक की जोड़ी ने 3-0 से अंशिता-अयान की जोड़ी को और माधव-प्रियांश की जोड़ी ने 3-0 से शोरित-कृष्णा की जोड़ी को पराजित किया। लीग के आयोजन सचिव सौरभ पोद्दार ने बताया कि गुरुवार (आज) को डोमिनेटर टीटी और टीटी एवेंजर के बीच खिताबी जंग होगी।