कासगंज। राजस्थान, गुजरात में तबाही मचा रही टिड्डी एक दिन में सौ किलोमीटर की रफ्तार से दौड़ रही है। कृषि विभाग को टिड्डी की रफ्तार रोकने के लिए सजगता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। कृषि विभाग ने जागरूकता को टीमें बनाई हैं। विशेषज्ञ अब किसानों को सलाह दे रहे हैं कि टिड्डी का प्रहार और उसकी रफ्तार रोकने के लिए ध्वनि संयंत्रों को मजबूत हथियार बनाएं। खेतों में ध्वनि का शोर करें जिससे टिड्डी दल फसलों में न उतर पाए।
सरकार और टिड्डी चेतावनी संगठन द्वारा जो अलर्ट जारी किया गया है। उसके मुताबिक टिड्डी दल इन दिनों राजस्थान प्रदेश में तबाही मचा रहा है। अलर्ट जारी किया गया है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ मंडल के जिलों में आने वाले दिनों में यह दल पहुंच सकता है। इसको लेकर कृषि विभाग को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। कृषि विभाग ने किसानों को जागरूक करने के लिए सभी विकासखंडों में विभागीय विशेषज्ञों की टीमें गठित कर दी हैं। यह टीमें किसानों को जागरूक कर रहीं हैं।
किसानों को बताया जा रहा है कि ध्वनि यंत्रों का प्रयोग करते हुए खेतों में शोर कराएं। जिससे कि टिड्डी दल फसलों में न उतर पाएं। इसके अलावा फसलों में कीटनाशक छिड़काव की सलाह भी कृषि विभाग ने दी है। स्पष्ट किया है कि कीटनाशक का छिड़काव अभी से करना शुरू कर दें, जिससे कि टिड्डियों का दल यदि खेत में उतर भी जाए तो कीटनाशक के सेवन से टिड्डी खत्म हो जाए।