मथुरा: बालिका को छत से फेंकने का सीसीटीवी फुटेज आया सामने
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
मथुरा के थाना छाता क्षेत्र में तीन युवकों ने सोमवार रात को दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। इन युवकों ने घर में घुसकर नाबालिग लड़की को दो मंजिल मकान की छत से नीचे फेंक दिया। इसके बाद फरार हो गए। घटना में लड़की की रीढ़ की हड्डी टूट गई है। उसका उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है।
यह घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। घायल लड़की के पिता ने बताया कि सोमवार रात को 8:12 बजे एक नंबर से मेरे मोबाइल पर फोन आया और पूछा कि आप घर पर हैं कि नहीं ?मैंने कहा कि मैं घर पर नहीं हूं। इसके बाद बाइक सवार तीन युवक आकर घर में घुस गए और मारपीट शुरू कर दी।
हमलावरों ने उनकी 17 वर्षीय बेटी को दो मंजिल मकान की छत से नीचे फेंक दिया। पीड़ित के पिता ने कोतवाली छाता में तीन युवकों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने मंगलवार को दो युवकों को हिरासत में लिया है। इनसे पूछताछ की गई है। एस पी देहात श्रीश चंद ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
सामने आया सीसीटीवी फुटेज, लड़की के गिरने के बाद दिखे दो युवक
छाता प्रकरण में एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। जिसमें लड़की सड़क पर गिरते हुए दिख रही है। सीसीटीवी की फुटेज में कुछ युवक उस गली से लगातार निकल रहे हैं जिसमें ये हादसा हुआ है। लड़की जब छत से गिरी तब एक युवक गली के नुक्कड़ से भागकर आता दिख रहा है। वहीं एक अन्य युवक किसी स्थान से वहां पहुंचता दिख रहा है। हालांकि सीसीटीवी की फुटेज काफी धुंधली है जिससे किसी का भी चेहरा स्पष्ट नजर नहीं आ रहा है। पुलिस ने जिन दो युवकों को हिरासत में लिया है, उनसे पूछताछ की जानकारी को गुप्त रखा गया है।
ये भी पढ़ें: श्री पारस अस्पताल: छह महीने से मरीजों पर मंडरा रहा था 'खतरा', आग बुझाने के नहीं थे इंतजाम