नहर में डूबा युवक (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : अमर उजाला
एटा के थाना पिलुआ क्षेत्र में गांव सुन्ना स्थित गंग नहर पुल के पास गुरुवार सुबह करीब 11 बजे श्रीमद्भागवत कथा के बाद कलश विसर्जन करते समय तीन युवक डूब गए। दो युवकों को सुरक्षित बचा लिया गया। एक युवक तेज बहाव में बह गया, जिसका पता नहीं चल सका है। गोताखोर देर शाम तक उसकी तलाश में जुटे रहे।
गांव ककरावली के ग्रामीणों ने बताया कि गांव में सार्वजनिक तौर पर श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया गया था। इसके कलश विसर्जन के लिए गंग नहर पर काफी संख्या में लोग गए थे। कलश विसर्जन के दौरान गांव का कृपाशंकर पुत्र घनश्याम, अंकित और कृपाशंकर पुत्र महाराज सिंह निवासी नगला पूसा डूब गए।
एक युवक का नहीं चला पता
महाराज सिंह के पुत्र कृपाशंकर और अंकित को ग्रामीणों ने बचा लिया, लेकिन लेकिन घनश्याम के पुत्र का पता नहीं चला सका। इसके बाद पुलिस को खबर दी गई। प्रभारी निरीक्षक बेगराम सिंह ने बताया कि कलश विसर्जन के दौरान तीन युवक डूब गए थे। दो को ग्रामीणों ने निकाल लिया, एक लापता है। इसकी तलाश में पीएसी के जवान और स्थानीय गोतखोर लगाए गए हैं।
एक सप्ताह में चार की डूबकर मौत
एक सप्ताह के अंदर चार लोगों की नदी और नहर में डूबकर मौत हो चुकी है। आगरा शहर के मोहल्ला नुनहाई प्रकाश नगर निवासी यूनुस, इसके पुत्र फैजान और भतीजे की अतरंजीखेड़ा के पास काली नदी में डूबने से 14 अक्तूबर को मौत हो गई थी। जबकि मिरहची क्षेत्र के गांव आलमपुर निवासी अभिषेक की जान मूर्ति विसर्जन के दौरान गांव साउसपुर के पास डूबने से चली गई। गुरुवार को पांचवां युवक डूबकर लापता हो गया है।