आगरा के फतेहाबाद के मोहल्ला शहीद नगर में तीन वर्षीय बालक ने बिजली के बोर्ड में लगे सॉकेट में अंगुली डाल दी। करंट लगने से बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
विज्ञापन
पिता मनोज कुमार निषाद ने बताया कि घटना शनिवार पूर्वाह्न 11 बजे की है। उनका 3 साल का बेटा कार्तिक घर की दूसरी मंजिल पर खेल रहा था। पहली मंजिल पर परिजन अपने कामों में व्यस्त थे। करीब 15 मिनट तक कार्तिक दूसरी मंजिल पर अकेला था। इसी बीच हादसा हुआ। परिजन जब दूसरी मंजिल पर पहुंचे तो कार्तिक की अंगुली दीवार पर लगे बिजली के बोर्ड में लगे सॉकेट में थी। उसके शरीर में हरकत नहीं हो रही थी।
उन्होंने बताया कि सभी ने उसे किसी तरह बोर्ड से अलग किया गया और नजदीक के अस्पताल में ले गए। चिकित्सकों ने बताया कि बच्चे की मौत हो चुकी है। मनोज की इकलौती संतान था कार्तिक। शाम को शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। हादसे से घर में मातम छाया है।
बच्चों को बिजली के खंभों और सामानों से दूर रखना चाहिए। छोटे बच्चे सॉकेट के अंदर अपनी अंगुली डालने की कोशिश करते हैं। ऐसा न होने दें, एहतियातन सॉकेट अथवा स्विच को कवर करके रखें। आप चाहें तो टेप भी लगा सकते हैं। इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे बल्ब या ट्यूबलाइट बदलते वक्त हमेशा स्विच बंद करें।