कहा- पवित्र कुरान और हदीस की रोशनी में हो तीन तलाक, शैतान नहीं, रसूल के रास्ते पर चले बोर्ड
- फोटो : अमर उजाला
तीन तलाक के मसले पर मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के नेता इंद्रेश ने मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड को आड़े हाथ लिया है। ताजनगरी में मंगलवार को उन्होंने कहा कि तीन तलाक पर लॉ बोर्ड शैतानों के साथ खड़ा है। तीन तलाक बहुत जरूरी हो तो पवित्र कुरान और हदीस की रोशनी में ही दिया जाए। नशे में और गुस्से में तलाक देना हराम है और हराम का काम जायज कैसे हो सकता है। मौलानाओं की मनमानी तलाक पर न चले।
मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के माथुर वैश्य भवन, पंचकुइयां पर हुए कार्यक्रम में आरएसएस नेता और मंच के मार्गदर्शक इंद्रेश ने कहा, मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड को तय करना है कि वह शैतानी रास्ते पर चले या रसूल के रास्ते पर। लॉ बोर्ड ने अभी तक तो शैतान का रास्ता चुना है। देश में 8-10 करोड़ मुस्लिम महिलाओं के भविष्य को ध्यान में रखकर बोर्ड अपनी नीति तय करे। मौलाना तीन तलाक पर अपनी मनमानी छोड़कर कुरान और हदीस में दिखाए गए रास्ते का अनुसरण करें।
उन्होंने कहा कि नबी या पैगंबर ने अपने जीवन में तलाक का प्रयोग नहीं किया। महिलाओं को इज्जत मिले, इसलिए तीन तलाक के खिलाफ मंच देशभर में हस्ताक्षर अभियान चलाएगा। आगरा से इसकी शुरुआत मंगलवार को कर दी गई। इससे पहले हुए कार्यक्रम में काकोरी कांड के नायक शहीद अशफाक उल्ला खां, पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, डा. रोशन सिंह, राजेंद्र नाथ लाहिड़ी को याद किया गया।