डा. बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय की लंबे समय से यूनिक आईडी योजना अब जल्द क्रियान्वयन होने जा रही है। नए सत्र से छात्रों को पर्सनल यूनिक आईडी मिलेगी। सोमवार को डा. बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने बैठक कर तीन बिंदुओं पर कार्ययोजना तैयार की है।
विश्वविद्यालय के कालेज में प्रवेश लेते ही छात्र को पर्सनल यूनिक आईडी नंबर दिया जाएगा। इसमें छात्र के शैक्षणिक रिकार्ड का विवरण होगा। उसकी पहचान, नामांकन संख्या, कोर्स-संस्थान का नाम समेत तमाम जानकारियां होंगी। इसके अलावा फर्जीवाड़े पर लगाम लगाने के लिए अब विश्वविद्यालय भी अलग से अंक चार्ट तैयार करेगा। इसके लिए कंप्यूटर सेल बनेगा। अभी तक रिजल्ट तैयार करने वाली एजेंसी ही चार्ट बनाकर विश्वविद्यालय को सुपुर्द करती रही है। तर्क दिया है कि इससे किसी के द्वारा भी नंबरों में छेड़छाड़ की गई तो दोनों चार्ट के मिलान पर कारस्तानी पकड़ में आ जाएगी। सत्र नियमित करने के लिए स्नातक में प्रवेश एक जुलाई से शुरू होकर 31 तक हर हाल में करा लिए जाएंगे।
सेल्फ सेंटर के लिए कुलपति का घेराव
विधि परीक्षाओं में सेल्फ सेंटर बनवाने की मांग के लिए कालेज संचालक और छात्रों ने कुलपति आवास पर हंगामा किया। नारेबाजी करते हुए छात्रों और संचालकों ने धरना दिया। कुलपति प्रो. अरविंद दीक्षित आए तो उनका घेराव कर लिया। कार में जाने लगे तो वाहन के आगे लेट गए। कुलपति ने प्रदर्शनकारियों को बताया कि परीक्षा कार्यक्रम उनकी नियुक्ति से पूर्व में तय हो चुका है। विश्वविद्यालय के सुधार में उन्होंने छात्र और कालेज संचालकों से सहयोग मांगा। इस पर कालेज संचालक मान गए, लेकिन कैसी भी समस्या होने पर समाधान का आश्वासन मांगा।
विधि परीक्षाएं आज से
विधि परीक्षाएं आज से 26 सेंटरों पर होंगी। इसके लिए 13 नोडल सेंटर बनाए गए हैं। परीक्षा में करीब 12 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। कुलसचिव केएन सिंह का कहना है कि पेपर की समाप्ति पर सभी उत्तर पुस्तिकाएं नोडल सेंटर पर जमा कराई जाएंगी।
एबीवीपी ने सौंपा ज्ञापन
एबीवीपी ने 12 सूत्रीय मांगों को लेकर कुलपति को ज्ञापन सौंपा। इसमें प्लेसमेंट सेल स्थापित करने, कैंपस में सीसी कैमरे लगवाने, 180 दिन की पढ़ाई, कुलपति-कुलसचिव के साथ छात्रों की मासिक बैठक कर संवाद, कैंपस में चिकित्सा की सुविधा जैसी 12 मांगें रहीं। ज्ञापन देने वालों में प्रांत संगठन मंत्री दीपक ऋषि, राहुल सारस्वत, मोहित सोलंकी, आुशतोष मिश्रा, दीपक बघेल, ऋषभ तिवारी, धीरज शर्मा आदि रहे।