आगरा। आगरा में घी, दूध पनीर, तेल आदि के बाद अब नमक भी नकली बिक रहा है। कंपनी की टीम ने पुलिस के साथ सिकंदरा क्षेत्र में तीन दुकानों पर छापा मारकर नकली टाटा नमक के 118 पैकेट जब्त किए हैं। मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
मुंबई की कंपनी के जांच अधिकारी अजय कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उन्हें सिकंदरा के दहतोरा और शास्त्रीपुरम में टाटा के नाम से नकली नमक बेचे जाने की जानकारी मिली थी। अशोक प्रोविजन स्टोर पर एक किलो के 60 पैकेट नकली टाटा नमक के मिले। दुकान दहतोरा निवासी जगन्नाथ प्रसाद की थी।
यहां के बाद टीम बंसल डिपार्टमेंटल स्टोर पर पहुंची। जांच में एक किलोग्राम के 40 पैकेट मिले। वहीं तीसरी दुकान कान्हा प्रोविजन स्टोर पर 18 पैकेट नकली नमक के बरामद हुए। इनको जब्त कर लिया गया। पैकेटों पर बैच नंबर भी संदिग्ध मिला है। मामले में दुकानदारों के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट की धारा में प्राथमिकी दर्ज की गई है।