उत्तर प्रदेश के आगरा में सरकारी राशन दुकानों पर घटतौली और अनियमितताओं की शिकायतों पर छठे दिन भी मंडल में कार्रवाई का सिलसिला जारी रहा। मंगलवार को आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद व मैनपुरी में 33 दुकानों की जांच की गई। गड़बड़ियों पर तीन दुकानों को निलंबित किया। आठ राशन विक्रेताओं की जमानत राशि जब्त करते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस दिया गया है।
मंडलायुक्त ऋतु माहेश्वरी ने उपायुक्त खाद्य एवं रसद के नेतृत्व में मंडल में सभी राशन दुकानों की जांच के लिए कमेटियां बनाई हैं। जिला पूर्ति अधिकारियों की टीम ने आगरा के दौरेठा में शिव सिंह, किरावली में चंद्रादेवी, धनौली में राशन दुकान पर स्टॉक रजिस्टर में गड़बड़ी मिलने पर जमानत राशि जब्त की।
फिरोजाबाद में भामई में रविंद्र कुमार की दुकान पर साइन बोर्ड, मूल्य सूची, स्टॉक का ब्योरा दर्ज नहीं मिलने पर जमानत राशि जब्त की गई है। मैनपुरी में धरैदा में सुषमा देवी, रावलपुर में हरिकांत, बसैट में अल्पना चौहान, महोली में राम बहादुर की राशन की दुकान में अनियमितताएं मिलीं।
करहल में दिनेश कुमार की दुकान बंद मिली। दुकान को निलंबित करने के आदेश दिए हैं। मथुरा के जाबरा में बच्चू सिंह की दुकान पर भी अंत्योदय कार्ड धारकों की सूची चस्पा नहीं थी। छाता स्थित विश्म्भरा में परशुराम, बरसाना में पवन की दुकान पर घटतौली की कार्ड धारकों ने शिकायत की। इसके बाद दोनों दुकानों का आवंटन निलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं।