फिरोजाबाद में शुक्रवार सुबह एसएसपी सचिंद्र पटेल की इनोवा कार से स्कार्ट की गाड़ी टकरा गई। हादसे में एक तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है। हादसे में एसएसपी बाल-बाल बच गए।
थाना रसूलपुर क्षेत्र में चिकित्सक की मां एवं भाई की पत्नी के हत्यारोपी की मुठभेड़ में गिरफ्तारी एवं गोली लगने से घायल होने के कारण एसएसपी सचिंद्र पटेल सरकारी ट्रामा सेंटर आए थे। इसके बाद वो वापस दबरई जा रहे थे।
हाइवे स्थित नैनी ग्लास के समीप उनकी गाड़ी के अचानक ही स्कूली बच्चों से भरा ऑटो आ गया। उसे बचाने के लिए एसएसपी की गाड़ी के चालक ने ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे स्कार्ट में चल रही जिप्सी एसएसपी की गाड़ी से टकरा गई।
हादसे में एचसीपी कालीचरन, सिपाही पुष्पेंद्र चौधरी और ओमवीर सिंह घायल हो गए। सूचना मिलते ही एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह, सीओ सिटी इंदुप्रभा एवं एसओ उत्तर अनूप कुमार तिवारी पहुंच गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।