बरेली मार्ग पर बुधवार सायं के समय सड़क किनारे खड़े तीन ग्रामीणों को तेज गति से जा रही अनियंत्रित कार ने रौंद दिया। इसमें दो ग्रामीणों की मौत हो गई, जबकि एक ग्रामीण ने अलीगढ़ ले जाते समय दम तोड़ दिया।
कार चालक दुर्घटना को अंजाम देकर कार भगाता ले गया। उसने फिर बाइक सवारों को टक्कर मार दी जिसमें तीन बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। कार चालक कार लेकर फरार हो गया। जिले में पांचवें दिन में हिट एंड रन की यह बड़ी दूसरी सड़क दुर्घटना है।
हादसे का शिकार मुकेश (28) पुत्र उदयवीर निवासी देवरी प्रहलादपुर, उसके ताऊ राममूर्ति (70) एवं गांव के ही सुखवीर (24) पुत्र वीरी सिंह हुए। यह तीनों ही ग्रामीण मल्लानगर गांव के नजदीक सड़क किनारे बाइक खड़ी करके आपस में बातचीत कर रहे थे। तभी बरेली की ओर से तेज गति से आ रही सफेद रंग की अनियंत्रित कार ने इन ग्रामीणों को रौंद दिया।
कार चालक ग्रामीणों को रौंदते हुए भाग गया। मौके पर ही मुकेश और उसके ताऊ राममूर्ति ने दम तोड़ दिया। दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं। वहीं तीसरे ग्रामीण सुखवीर के पैर कार की चपेट में आकर बुरी तरह से कुचल गए। उसके जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां से सुखवीर को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।