आगरा में संक्रमण के नए मामलों में लगातार कमी आ रही है। 36 दिन बाद रविवार को सबसे कम 111 नए मरीज मिले हैं। तीन मरीजों की मौत हो गई। मृतक संख्या अब 319 है। कुल मरीजों का आंकड़ा 24854 पहुंच गया है।
जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह के मुताबिक दयालबाग निवासी 50 वर्षीय व्यक्ति और नेहरू नगर निवासी 52 वर्षीय महिला की कोविड संक्रमण से मृत्यु हुई है। दोनों के फेफड़ों में निमोनिया से संक्रमण फैला। दोनों मरीजों ने वेंटिलेटर पर दम तोड़ दिया। खंदौली निवासी 73 वर्षीय हृदय रोगी की संक्रमण की चपेट में आने से जान चली गई। अब तक 319 मरीजों की मृत्यु हो चुकी है। 36 दिन बाद रविवार को सबसे कम 111 मरीज मिले हैं। 10 अप्रैल को 102 मरीज मिले थे।
22853 मरीज हो चुके हैं ठीक
जिले में 8.18 लाख लोगों की जांच में 24854 मरीज मिले हैं। जिनमें 222 नए समेत कुल 22853 मरीज ठीक हो चुके हैं। 1682 एक्टिव केस हैं। मरीजों के ठीक होने की दर 91.95% हो गई है।
कोरोना संक्रमित एक और सहायक अध्यापिका की मौत
कोरोना संक्रमित परिषदीय स्कूल की एक और सहायक अध्यापिका की रविवार को मौत हो गई। पूर्व माध्यमिक विद्यालय, खानपुर में तैनात रहीं सहायक अध्यापिका राधारानी बदायूं जिले से अंतर्जनपदीय स्थानांतरण पर आगरा आई थीं।
अब तक जिले में 27 शिक्षक , शिक्षामित्रों व अधिकारी की मौत हो चुकी है
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलामंत्री बृजेश दीक्षित ने बताया कि राधारानी की पंचायत चुनाव में ड्यूटी लगी थी। ड्यूटी के बाद 15 अप्रैल से बुखार और जुकाम हो गया था। कुछ दिन दवा लेने के बाद तबियत ज्यादा खराब होने पर हॉस्पिटल में दिखाने पर कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। प्रतापपुरा स्थित डॉ. एससी अग्रवाल के हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। शिक्षिका को यहां कार्यभार ग्रहण करने के करीब छह माह बाद वेतन नहीं मिल पाया। इससे परिवार के लोगों को इलाज कराने के लिए आर्थिक संकट से भी गुजरना पड़ा। बृजेश दीक्षित ने बताया कि कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में जिले में 27 शिक्षकों, शिक्षामित्रों, खंड शिक्षा अधिकारी की मौत हो चुकी है। उन्होंने अंतर्जनपदीय स्थानांतरण पर आए सभी शिक्षकों का बिना देरी किए वेतन भुगतान करने की मांग की है।