मथुरा जनपद में कोरोना संकट के बीच खतरनाक ब्लैक फंगस यानि म्यूकरमाइकोसिस की भी एंट्री हो चुकी है। ऐसे में योगी सरकार ने ब्लैक फंगस को लेकर एडवाइजरी भी जारी कर दी है, जिसमें लक्षण, सावधानियां, क्या करें व क्या न करें आदि समाहित है। प्रदेश सरकार से एडवाइजरी मिलने के बाद मथुरा स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर है। सीएमओ ने सर्विलांस टीम तैयार कर ब्लैक फंगस के संक्रमितों से मिलकर डाटा तैयार करने के आदेश दिए हैं। सर्विलांस टीम ने जनपद में मिले तीनों केसों की निगरानी शुरू कर दिया है।
पिछले दिनों वृंदावन के बनखंडी, मथुरा के मानस नगर और राया में एक केस ब्लैक फंगस का सामने आया था। वहीं प्रदेश स्तर पर ब्लैक फंगस के मामलों के बाद शासन ने एडवाइजरी जारी कर स्वास्थ्य विभाग से अलर्ट रहने को कहा है। रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तीनों केसों का अध्ययन कर रिपोर्ट तैयार की है। वहीं ब्लैक फंगस को देखते हुए जनपद के निजी अस्पतालों को भी पत्र लिखकर इस तरह के केस आने पर विभाग को सूचना देने के आदेश दिए गए हैं।
अभी जनपद में नया ब्लैक फंगस का मामला सामने नहीं आया है। पिछले दिनों मिले केस की निगरानी शुरू की गई है। निजी अस्पतालों को भी ब्लैक फंगस केस के प्रति सचेत रहने के लिए कहा गया है।
- डॉ. मुनीश पौरुष, जिला सर्विलांस अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग