सड़क हादसे में महिला की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने कत्ल का राज खोल दिया। महिला की मौत की वजह गला दबाकर होने से हुई। महिला तीन माह की गर्भवती थी। ये जानकारी सामने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
एटा थाना कोतवाली देहात के गांव नगला घनश्याम निवासी एक महिला की हत्या कर दी गई। पति ने हत्या को हादसा बताने का नाटक किया, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोेर्ट में महिला का गला दबाने से मौत होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस हत्या की दशा पर जांच में जुट गई। पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
विज्ञापन
गांव नगला घनश्याम निवासी श्याम सिंह ने बताया कि शनिवार की देर रात बेटा ज्ञान सिंह और पुत्रवधू भगवती उर्फ अंजली बाइक से दवा लेकर घर लौट रहे थे। बेटे का फोन आया और बताया कि रास्ते में कोतवाली देहात के कासगंज मार्ग पर पीएसी बटालियन के सामने अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वह दोनों घायल हो गए। सूचना पर हम मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी। एंबुलेंस की मदद से लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां चिकित्सक ने भगवती को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की पूछताछ में ज्ञान सिंह और श्याम सिंह ने बार-बार यही बताया कि मौत सड़क दुर्घटना में हुई है। रविवार को पुलिस ने महिला का पोस्टमार्टम कराया। इसमें मौत का कारण गला दबाना आया। जिसके बाद पुलिस गहनता के साथ मामले की जांच पड़ताल में जुट गई।
श्याम सिंह ने बताया कि चार बेटों में ज्ञान सिंह सबसे बड़ा है और दिव्यांग है। काफी समय से दादरी गौतमबुद्धनगर में रहकर नौकरी करता है। यहीं पर उसने लगभग 16 वर्ष पूर्व भगवती के साथ विवाह कर लिया। इनके तीन बच्चे हैं, सबसे बड़ी बेटी लगभग 14 वर्ष की है। एक बेटा 10 वर्ष का और सबसे छोटा डेढ़ वर्ष का है। लगभग तीन वर्ष पूर्व भगवती रिश्तेदारी में एक कार्यक्रम में शामिल होने गई थी।
वहां सिर के ऊपर ईंट गिर गई, जिसके चलते वह मानसिक रूप से बीमार हो गई। आगरा के एक निजी क्लीनिक से उसका उपचार चल रहा था। लगभग 15 दिन पहले तबीयत खराब होने पर ज्ञान सिंह परिवार सहित गांव आ गया था। शनिवार को आगरा दवा दिलाने गया। लौटते समय कासगंज मार्ग पर पीएसी बटालियन के सामने सड़क हादसा हो गया।
सीओ अशोक कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर महिला की हत्या होना बताया गया है। मौके पर पति के अलावा कोई दूसरा नहीं था, इसलिए ज्ञान सिंह संदेह के घेरे में है। मामले की गहनता के साथ जांच-पड़ताल की जा रही है। जो भी तथ्य निकलकर सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।