फिरोजाबाद के थाना लाइनपार क्षेत्र में पुलिसकर्मियों की पिटाई कर पिस्टल, मोबाइल फोन लूटने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए बदमाशों से पुलिस ने पीआरवी के जवान जीत सिंह से लूटी गई सरकारी पिस्टल, दो कारतूस, ड्राइविंग लाइसेंस और 550 रुपये बरामद किए हैं। बदमाशों को जेल भेज दिया गया है।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
एसपी सिटी मुकेश चंद्र मिश्र ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर मंगलवार रात गंभीर सिंह, सोनवीर और नैहना उर्फ शिशुपाल निवासी गांव कूपा थाना लाइनपार को ढोलपुरा और रुपसपुर के बीच आरओबी के नीचे बनी रेलवे की कोठरी से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान गंभीर सिंह के पास से पुलिस ने पीआरवी के सिपाही जीत सिंह से लूटी गई सरकारी पिस्टल को बरामद किया।
पिस्टल के साथ आरोपियों के पास से दो कारतूस भी बरामद किए गए हैं। बाकी छह कारतूस और मोबाइल फोन बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया है। अन्य की गिरफ्तारी को प्रयास किए जा रहे हैं।