फिरोजाबाद। आगरा, मथुरा और आसपास के जिलों में लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के तीन सदस्य रामगढ़ और रसूलपुर थाना पुलिस ने पकड़ लिए। पकड़े गए बदमाशों के पास से पुलिस ने बाइक, तमंचा और नकदी बरामद की है। पूछताछ के दौरान बदमाशों ने एत्मादपुर, झरना नाले के साथ अन्य स्थानों पर की गई लूट की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
एसएसपी अशोक कुमार शुक्ल ने बताया कि बीती रात वाहन चेकिंग के दौरान थानाध्यक्ष रामगढ़ अनूप कुमार तिवारी और थानाध्यक्ष रसूलपुर अजय किशोर ने आगरा, मैनपुरी, मथुरा और फिरोजाबाद हाईवे पर लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए बदमाशों ने पूछताछ के दौरान अपने नाम अमन पुत्र सनक सिंह निवासी नगला दल थाना पचोखरा फिरोजाबाद, मुनेंद्र कुमार पुत्र चरन सिंह, दलवीर सिंह पुत्र विजयपाल सिंह निवासी नगला फतेह थाना अवागढ जनपद एटा बताए हैं। पकड़े गए बदमाशों ने बताया कि वह अपने साथी लोकेंद्र पुत्र रघुवीर सिंह वघेल निवासी दानी का वांस थाना नगला सिंघी, विपिन पुत्र जयंत प्रकाश निवासी नगला मुरली थाना नारखी, टीटू पुत्र पप्पू निवासी गढी गोपाल थाना टूंडला बताया है। बदमाशों को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया है। जबकि उनके फरार साथियों की गिरफ्तारी को प्रयास किए जा रहे है।
इन घटनाओं को हुआ खुलासा
आठ जून को रामगढ़ थाना क्षेत्र स्थित चनौरा पुल पर आगरा से शिकोहाबाद जाते समय दंपती की बाइक लूटी, झरना नाला एत्मादपुर से एक नीले-सफेद कलर की अपाचे मोटरसाइकिल नया मॉडल, ग्राम पीपरिया थाना क्षेत्र एत्मादपुर से मोबाइल फोन व 8500 रुपये की लूट, थाना सिरसागंज क्षेत्र से एक मोबाइल लूट व जनपद मथुरा के रिफायनरी थाना क्षेत्र में बाइक चोरी की घटना का खुलासा किया है।