एटा के थाना जलेसर क्षेत्र निधौली रोड पर नरहौली मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने पैदल जा रहे तीन मजदूरों को टक्कर मार दी। एक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि दूसरे की सीएचसी पर मौत हो गई। एक अन्य को सीएचसी से आगरा रेफर किया गया है।
गांव नरहौली निवासी सोनू जाटव (28) की मौके पर ही मौत हुई, जबकि गांव का ही संतोष (45) ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं, गांव का ही गजेंद्र गंभीर रूप से घायल हुआ है। इसको सीएचसी जलेसर से आगरा रेफर कर दिया गया। परिजन ने बताया कि तीनों लोग गांव नूहखेड़ा से मजदूरी करके अपने गांव पैदल ही लौट रहे थे। गांव के पास ही मोड़ पर बृहस्पतिवार की देर शाम अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। एएसपी धनंजय सिंह कुशवाहा ने बताया कि हादसे में मृतकों के शव के पोस्टमार्टम कराकर परिजन के सुपुर्द कर दिए गए हैं। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
ये भी पढ़ें - UP: बचपन में खोए भाई-बहन अनाथालय में रहे, 13 साल बाद खुद खोज निकाले माता-पिता; मिले तो आंखों से बहा दर्द
लोडर ने तीन को रौंदा, एक ने दम तोड़ा
कोतवाली देहात क्षेत्र में कासगंज रोड स्थित गांव गिरौरा के पास शुक्रवार सुबह नौ बजे सड़क किनारे खड़े तीन लोगों को लोडर मैक्स पिकअप ने रौंद दिया। घायल बलवीर सिंह, देवराज सिंह और अश्वनी कुमार को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। यहां बलवीर सिंह (60) को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि देवराज और अश्वनी को गंभीर हालत में आगरा रेफर किया गया है।