आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे में आगरा के फतेहाबाद के पास दो कारों की भिड़ंत में तीन लोगों की मौत हो गई। करीब छह लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को उपचार के लिए आगरा के एसएन मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। वहीं मृतकों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मरने वालों में से एक की पहचान हो गई है।
बताया गया है कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर फतेहाबाद की ग्राम चौराहा के पास रविवार तड़के चार बजे एक फार्रच्यूनर कार तेज गति से आ रही थी। इसी दौरान पिछला पहिया पंक्चर होने के कारण यह फार्च्यूनर कार आगे चल रही मैक्स जीप से टकरा गई। हादसा इतना जोरदार था कि मैक्स जीप डिवाइडर पार कर दूसरी ओर जाकर पलट गई।
इसमे मैक्स में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृत व्यक्ति में से एक की पहचान भोला निवासी औरैया के रूप में कर ली गई है। खबर लिखे जाने तक बाकियों की शिनाख्त नहीं हो सकी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को आगरा के एसएन मेडिकल कालेज इमरजेंसी में भर्ती कराया है। हादसे के बाद फतेहाबाद पुलिस ने दोनों ही गाड़ियों को रास्ते से हटवा मार्ग को भी सुचारू कराया। घायलों का इलाज अभी जारी है।