सीटीईटी पेपर लीक मामला: आगरा पुलिस ने पकड़े आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी) का पेपर व्हाट्सएप पर लीक करने के मामले में पुलिस ने रविवार को तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें एक आरोपी अरविंद कुमार यादव मैनपुरी के नगला पजावा के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक है। उसके पास पेपर व्हाट्सएप पर एक मित्र ने भेजा था। अरविंद ने अपने परिचितों को व्हाट्सएप पर भेज दिया था। इसके बाद यह वायरल हो गया था।
सीटीईटी का हल प्रश्न पत्र लीक करने के मामले में पुलिस ने मंगलवार को एपेक्स कोचिंग के संचालक विकास शर्मा, शिक्षक प्रभात, छात्र कुलदीप फौजदार, थान सिंह और मोहित यादव को गिरफ्तार किया था। बाद में प्रतापगढ़ से विकास को गिरफ्तार किया था। उसके साथ भदोही निवासी अमर साहनी पकड़ा था। शनिवार को एटा के अलीगंज स्थित लुहारी दरवाजा निवासी अमनराज उर्फ विवेक यादव और अलीगंज स्थित दाऊदगंज निवासी सुमित यादव उर्फ डिंपल यादव पकड़े गए।
ऐसे आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की। इसमें पता चला कि तीन और लोगों के पास व्हाट्सएप पर पेपर पहुंचा था। इस पर पुलिस ने रविवार को दबिश देकर एटा के थाना जसरथपुर स्थित नगला राम सिंह निवासी अरविंद कुमार यादव, मैनपुरी के थाना कुरावली स्थित घिरोर मार्ग निवासी राजवीर सिंह और कन्नौज के थाना तिरवा स्थित गांव सिकरौली निवासी वरुण प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया। अरविंद कुमार इस समय मैनपुरी के थाना कोतवाली स्थित नगला पजावा में रह रहा है।