दो पिस्टल, तमंचे सहित गिरफ्तार तीन आरोपी भेजे जेल
- देवी रोड से पकडे़ गए, करहल गेट चौकी पुलिस ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। शहर के देवी रोड से दो दिन पूर्व पिस्टल सहित पकडे़ गए तीन युवकों को कोतवाली पुलिस ने शनिवार को जेल भेजा। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की एक बाइक, दो पिस्टल और एक तमंचा बरामद किया है।
कोतवाली क्षेत्र के देवी रोड से बृहस्पतिवार की शाम एक टेंपो में वारदात अंजाम देते समय तीन युवकों को पिस्टल सहित स्वाट टीम ने गिरफ्तार किया था। उन्हें हिरासत में रखने के साथ ही चालान भी नहीं किया गया। कार्रवाई के संबंध में कोतवाली पुलिस चुप्पी साधे रही। शनिवार को तीन युवक नितिन बघेल निवासी सोतियाना, अभिषेक चौहान और सत्यम निवासी मोहन नगर चांदेश्वर रोड को दो पिस्टल, एक तमंचा और चोरी की एक बाइक सहित करहल गेट चौकी क्षेत्र के श्रंगार नगर के पास से गिरफ्तार होना दर्शाया गया। बताया कि वह लोग किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। करहल गेट चौकी पुलिस ने पकडे़ गए तीनों ही युवकों को न्यायालय में पेश किया। वहां से सभी को जेल भेजा गया है।