मैनपुरी। कासगंज के रहने वाले ट्रक चालक की हत्या कर कंटेनर लूट के मामले में शुक्रवार को पुलिस ने तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर मृतक का पर्स भी बरामद किया। पूर्व में पुलिस दो आरोपियों को जेल भेज चुकी है।
जनपद कासगंज के गांव सियपुर निवासी ट्रक चालक सतेंद्र सिंह 20 अगस्त को होंडा कंपनी की 40 बाइक कंटेनर में लादकर गुडग़ांव से कलकत्ता के लिए रवाना हुआ था। गाड़ी पर खलासी जयराम पुत्र रामशंकर निवासी गांव कुदइया थाना कुर्र्रा व करन सिंह उर्फ छोटू निवासी गढी राठौर आगरा भी साथ थे। लेकिन रास्ते से ही वह कंटेनर सहित गायब हो गया था। परिजनों की ओर से कुर्रा थाने में सतेंद्र की गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
घटना का खुलासा करते हुए स्वाट/सर्विलांस टीम ने खलासी जयराम निवासी गांव कुदइया थाना कुर्रा और अजीत राठौर निवासी गढी राठौर थाना खंदौली आगरा को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। दोनों ने पूछताछ में बताया था कि चालक सतेंद्र की हत्या करने के बाद ट्रक लूट की वारदात अंजाम दी थी।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लूटा गया कंटेनर व सतेंद्र का शव भी बरामद किया था। हत्या की इस वारदात में करन सिंह उर्फ छोटू निवासी गढ़ी राठौर और जनवेद निवासी गांव कुदइया भी संलिप्त थे। पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। शुक्रवार को पुलिस ने करन सिंह उर्फ छोटू को एक्सप्रेसवे पर फूड प्लाजा के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर मृतक का पर्स भी बरामद किया। पुलिस अब शेष आरोपी की तलाश कर रही है।