एटा में शिकोहाबाद मार्ग स्थित अवंतीबाई कॉलेज के पास बृहस्पतिवार की रात चोरों ने सेंट्रल बैंक को फिर निशाना बनाया। हालांकि वो अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। शुक्रवार सुबह बैंक स्टाफ पहुंचा तो शटर कटा देखकर दंग रह गए। बैंक मैनेजर ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अवंतीबाई कॉलेज साक्षी धाम के पास सेंट्रल बैंक की शाखा है। बृहस्पतिवार रात तीन चोर गैस कटर से बैंक के मुख्य दरवाजे को काटकर स्ट्रॉंग रूम तक पहुंच गए। स्ट्रॉंग रूम की कड़ी सुरक्षा के चलते कोई नुकसान नहीं हो सका है। सीसीटीवी फुटेज में तीनों चोर दिखाई दे रहे हैं, जिनके चेहरे पूरीे तरह से ढके हुए हैं।
शाखा प्रबंधक शिखा भारती ने बताया कि चोरों ने बैंक में सेंध लगाकर चोरी के प्रयास किया। सीसीटीवी की डीवीआर पुलिस को दे दी गई है। बता दें कि इससे पहले भी इसी शाखा में कई बार चोरी की कोशिश हो चुकी है। किसी का भी पुलिस खुलासा नहीं कर पाई है।
सीओ सिटी देव आनंद ने बताया कि शिकोहाबाद रोड स्थित सेंट्रल बैंक की शाखा में चोरों ने चोरी की कोशिश की है। हालांकि कोई सामान चोरी नहीं हुआ है। बैंक अधिकारी की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।