12 दिन में तीन बार विद्यालय को बनाया निशाना
रोहता स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय (कंपोजिट) में बृहस्पतिवार रात को चोरी के साथ तोड़फोड़ की गई। विद्यालय की प्रधानाध्यापक सुनीता सक्सेना ने बताया कि 12 दिन में तीन बार चोरी की वारदात हो चुकी हैं। 10 अप्रैल को ताले खोलकर चोर पंखे चोरी करके ले गए थे। इस दौरान बिजली की फिटिंग भी उखाड़ दी थी। मीटर चोरी कर लिया था। 17 अप्रैल की रात को ताले तोड़कर दो कमरों के पंखे ले गए।
वहीं 20 अप्रैल की रात को सबमर्सिबल पंप की लाइन उखाड़कर ले जाने का प्रयास किया था। तार काट दिया था। बृहस्पतिवार रात को स्टाफ कक्ष की दीवार तोड़ी। इसके बाद अंदर प्रवेश किया। दो पंखे चोरी कर लिए। अलमारी में रखा सामान और खेलकूद का सामान तोड़ दिया। इसका पता शुक्रवार सुबह आने पर हुआ। उन्होंने सभी मामलों की सूचना पुलिस को दी। पहली बार में कोई कार्रवाई न होने से लगातार वारदात हो रही हैं।