आगरा में लॉकडाउन के दौरान वीआईपी रोड पर बंद पड़े रेस्टोरेंट को चोरों ने निशाना बना लिया। फूल सैय्यद चौराहा स्थित ओनली रेस्टोरेंट से सात लाख रुपये का सामान चोरी करके ले गए। रविवार को रेस्टोरेंट संचालक साफ-सफाई के लिए पहुंची तो सारा सामान बिखरा मिला। इस पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
फूल सैयद चौराहे स्थित ओनली रेस्टोरेंट की संचालक हेमलता हैं। कोरोना वायरस के कारण लागू हुए लॉकडाउन के बाद से रेस्टोरेंट बंद है। नई गाइडलाइन के तहत रेस्टोरेंट को खोलने की तैयारी चल रही है। दो महीने से बंद पड़े रेस्टोरेंट की साफ-सफाई कराने के लिए रविवार को उन्होंने रेस्टोरंट को खोला तो अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा मिला।
पांच एसी और कीमती क्रॉकरी गायब थी
पांच एसी और रेस्टोरेंट की कीमती क्रॉकरी गायब थी। किचन में खाना बनाने के सारे बर्तन, तीन गैस सिलिंडर, डीप एवं चिल्लर फ्रीजर की मशीन, रेस्टोरेंट एवं बाथरूम की सारी फिटिंग और गार्डन की 120 कुर्सियां चोर चुरा ले गए।