चोरी के बाद मकान में बिखरा पड़ा सामान
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा जिले में शनिवार रात चोरों ने एक के बाद एक चोरी की कई वारदात को अंजाम दिया। कस्बा गोवर्धन से सटे गांव सकीतरा में चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाया। वहीं राया में बलदेव मार्ग पर वेल्डिंग की दुकान में नकब लगाकर हजारों का माल साफ कर दिया।
चोरों ने गांव सकीतरा के रहने वाले बाबू सिंह के घर से 60 से 70 हजार रुपये, इनके छोटे भाई श्याम सिंह के घर से 10 हजार रुपये एवं मुकेश एवं तोताराम के घर से एक मोबाइल, तोड़िया व अन्य जेवरात और सामान चुरा ले गए। चोरी के समय घर वाले छतों पर सो रहे थे।
चोरों ने कमरों के अंदर रखी अलमारी व संदूक भी तोड़कर सामान निकाल लिया। चोरी की घटना रात तकरीबन एक बजे हुई। गांव में जगार होने पर चोर भाग गए। इस गांव में चोरी की घटनाओं के बाद लोग दहशत में हैं। पीड़ितों की ओर तहरीर दी गई है।