आगरा के खंदौली क्षेत्र में चोरों ने बुधवार की रात दो वारदात को अंजाम दिया। पहले चोरों ने गांव बास बादाम में एक घर को निशाना बनाया। परिजन को कमरों में बंद कर डेढ़ लाख रुपये और गहने चोरी कर ले गए। बाद में कस्बा खंदौली में बैंक के समीप डीजे साउंड की दुकान में नकब लगाकर हजारों का सामान चोरी कर लिया।
गांव बास बादाम निवासी राहुल ने बताया कि उनके घर में बुधवार रात चोर सीढ़ियों से ऊपर चढ़कर दाखिल हुए। सीढ़ियों के ऊपर लगे दरवाजे का ताला तोड़ डाला। सो रहे परिजन के कमरों की बाहर से कुंडी लगा दी। इसके बाद अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे करीब 1.50 लाख रुपये और 7–8 तोले सोने के गहने व कीमती कपड़े पार कर लिए।
रात करीब तीन बजे राहुल की पत्नी की नींद खुली तो उसने दरवाजे की कुंडी बाहर से बंद देखी। शोर मचाने पर अन्य परिजन जागे और किसी तरह दरवाजा खोला, तब तक चोर भाग चुके थे। इसी रात कस्बा खंदौली में पड़ाव चौराहा स्थित एचडीएफसी बैंक के पास भूपेंद्र सिंह निवासी नगरिया थाना सादाबाद की डीजे साउंड की दुकान में चोरों ने नकब लगाई। चोर करीब एक लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। सुबह दुकान खोलने पर घटना का पता चला। दोनों घटनाओं की सूचना पर थाना खंदौली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पीड़ित परिवारों ने थाने में तहरीर दी है। थाना प्रभारी खंदौली ने बताया सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोरों का पता लगाया जा रहा है। केस दर्ज कर लिया गया है।
किसान के घर से गहने, नकदी चोरी
एत्मादपुर। थाना क्षेत्र के गांव वास बादाम में बुधवार की रात किसान विनय कुमार के घर चोरी हो गई। बाउंड्रीवाल कूदकर घर मे घुले चोर कमरे में रखे बक्से के ताला तोड़कर 25 हजार रुपये, पायल व सोने की एक चेन चोरी कर ले गए। सुबह घरवालों के जागने पर घटना की जानकारी हुई। इंस्पेक्टर एत्मादपुर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। चोरों का पता लगाया जा रहा है।