आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर सात में कारागार मंत्री के आवास के पास साइकिल सवार चोर ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। महज 39 मिनट में आठ ताले तोड़ डाले और 16 लाख के माल पर हाथ साफ कर फरार हो गया।
आगरा की आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर सात में साइकिल पर आए एक चोर ने 39 मिनट में आठ ताले तोड़कर 15 लाख रुपए के जेवरात और एक लाख नकदी की चोरी कर ली। कारागार मंत्री धर्मवीर प्रजापति के आवास के पास दवा व्यापारी के घर में हुई वारदात करने वाला चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। पुलिस अब उसकी तलाश में लगी है। जेवरात और नकदी को एक थैले में भरकर ले गया था।
विज्ञापन
आवास विकास कॉलोनी निवासी दवा व्यवसायी नरेंद्र सिंह सिसौदिया के घर में वारदात हुई। गुरुग्राम में बेटा सर्जिकल कंपनी में नौकरी करता है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह 24 नवंबर को पत्नी के साथ बेटे के घर गए थे। घर पर ताला लगा हुआ था। 25 नवंबर की रात 9:00 बजे भाई देवेंद्र ने फोन करके बताया कि घर में चोरी हो गई है। इस पर वह पहुंच गए। सूचना पर पुलिस आ गई। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड से जांच कराई गई। नरेंद्र सिंह ने बताया कि 5 मार्च को बेटे की शादी है। दुल्हन के लिए जेवरात बनवाए थे।
थैले में रख ले गया जेवरात और नकदी
कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे गए। इसमें पता चला कि रात तकरीबन 3:00 बजे साइकिल पर थैला टांगे एक चोर आया था। घर में मुख्य दरवाजे से लेकर अंदर चार कमरों पर ताले लगे हुए थे। चोर ने पांचों गेट के ताले तोड़ दिए। इसके बाद अलमारी के बाहर के दरवाजे का ताला, अंदर लॉकर और लॉकर के अंदर छोटे लॉकर का ताला तोड़कर 15 लाख रुपए के जेवरात और 1 लाख नगद चोरी कर ले गए। चोर पूरी वारदात 39 मिनट में करके साइकिल पर टंगे थैले में जेवरात और रुपए रखकर भाग निकला। थाना जगदीशपुरा के प्रभारी निरीक्षक केपी सिंह का कहना है कि मुकदमा दर्ज किया है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की तलाश की जा रही है।