बाह: जरार में मरपीट: घायल हरी सिंह
बाह। जरार में शनिवार दोपहर कुत्ते के काटने की शिकायत पर हुए झगड़े में बीच बचाव करना युवक को भारी पड़ गया। हमलावरों ने उसे डंडों से बेरहमी से पीटा। ईंटों से सिर फोड़ दिया। युवक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। पुलिस ने युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाह पर भर्ती कराया, वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना दोपहर करीब 3 बजे की है। जरार के टंकी मोहल्ला क्षेत्र में तेज सिंह प्रजापति एवं राहुल वाल्मीकि पक्ष में कुत्ते के काटने पर झगड़ा हो रहा था। तेज सिंह प्रजापति के घर पर पहुंचे युवक हमलावर हो गए। चीख पुकार पर हरी सिंह बीच बचाव के लिए पहुंचा। आरोप है कि बीच बचाव पर भड़के राहुल वाल्मीकि पक्ष ने हरी सिंह को लात-घूसों और डंडों से पीटा। ईंटें मारकर सिर फोड़ दिया। हरी सिंह जमीन पर गिर कर बेहोश हो गया। भीड़ जुटने पर हमलावर भाग गए। घायल हरी सिंह को पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाह पर भर्ती कराया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेज दिया गया। हरी सिंह की हालत नाजुक बनी हुई है। उधर, राहुल वाल्मीकि भी थाने पहुंचा और कुत्ते के काटने की शिकायत पर अपने साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। बांह में छुरी के मारे जाने का आरोप लगाया है। एसीपी बाह जितेंद्र कुमार ने बताया बाह पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराया है। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।