मैनपुरी। कचहरी रोड पर सिटी हॉस्पीटल के पास रखे ट्रांसफार्मर में शुक्रवार सुबह आठ बजे अचानक आग लग गई। इससे कई मोहल्लों की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। ट्रांसफार्मर से आग की लपटें निकलते देख लोगों में खलबली मच गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे फायर सर्विस के कर्मचारियों ने 15 मिनट की मशक्कत करने के बाद आग पर काबू पाया।
कचहरी रोड पर सिटी हॉस्पीटल के पास रखे ट्रांसफार्मर से कई मोहल्लों में बिजली आपूर्ति होती है। शुक्रवार सुबह आठ बजे इस ट्रांसफार्मर में अचानक आग लगने से बाजार में अफरा तफरा मच गई। दोनों ओर वाहन जहां के तहां रुक गए। दुकानदार दुकानें खुली छोड़कर भाग गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने दूसरे रास्ते से वाहनों को गुजारा। जानकारी पर फायर सर्विस के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने लगभग 15 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक ट्रांसफार्मर और केबल पूरी तरह जल गईं।
यह इलाके हुए प्रभावित
सिटी हॉस्पीटल के पास रखे ट्रांसफार्मर से गोपाल नगर, आश्रम रोड, डीएवी गली, महाराणा प्रताप नगर इलाके में बिजली आपूर्ति होती है। ट्रांसफार्मर में आग लगने से इन इलाकों की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। इससे लोग गर्मी से परेशान हैं।
सिटी हॉस्पीटल के पास रखे ट्रांसफार्मर के फुंकने से बिजली आपूर्ति बंद हुई है। ट्राली ट्रांसफार्मर से आपूर्ति चालू कराई जाएगी। जली हुई सभी केबल सही कराई जा रही हैं। देर शाम तक बिजली आपूर्ति चालू कराने के लिए कर्मचारी काम कर रहे हैं।
पदम गर्ग, उपखंड अधिकारी