र्मैनपुरी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव/अपर जिला जज कमल सिंह ने शुक्रवार को जेल का निरीक्षण किया। बैरकों का निरीक्षण करके बंदियों की समस्याएं सुनीं। जेल में एक बंदी रामनरेश ने बताया कि उसके सीने में दर्द होता है। उसके परिजन को जानकारी नहीं है। उसने इलाज करवाने की मांग की।
प्राधिकरण सचिव ने जेल में जेल अस्पताल, पाकशाला, महिला बैरक सहित बैरक नंबर एक, दो, पांच, छह, 10-ए की व्यवस्थाएं देखीं। महिला बंदियों की बैरक में ही समस्याएं सुनीं। महिला बंदी गीता यादव तथा संगीता यादव ने जिला न्यायालय के आदेश के खिलाफ उच्च न्यायालय में अपील कराने की मांग की। प्राधिकरण सचिव ने जेल अधिकारियों को कार्रवाई शुरू कराने के निर्देश दिए।
प्राधिकरण सचिव ने जेल अधिकारियों को बंदियों की समस्याओं का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। शिकायत और निस्तारण को एक रजिस्टर में अंकित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक कोमल मंगलानी अनुपस्थित मिलीं। जेलर पवन कुमार त्रिवेदी, डिप्टी जेलर रतन प्रिया, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल हृदय कुमार चतुर्वेदी, जेल विजिटर सुनील कुमार यादव, प्राधिकरण कार्यालय प्रभारी देवेंद्र सिंह मौजूद रहे।