आगरा। थाना न्यू आगरा के संत विहार कॉलोनी में चोरों ने अधिवक्ता के घर से लाखों के जेवर के साथ 3.80 लाख रुपये, कई नई साड़ियां और कपड़े चोरी कर लिए। परिवार एक शादी समारोह में आगरा से बाहर गया हुआ था। चोरी का पता चलने पर अधिवक्ता ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से चोरों की तलाश में लगी है।
संत विहार, दयालबाग निवासी अधिवक्ता नरेश गुप्ता अपनी भतीजी की शादी में 3 अप्रैल को आगरा से बाहर आए गए थे। घर पर ताला लगा गए थे। 6 अप्रैल को पड़ोसी ने घर के ताले टूटे देखे। इस पर उन्हें कॉल करके जानकारी दी। उन्होंने पड़ोसी को घर के अंदर भेजा। चोरों ने ताले तोड़कर दरवाजा खोल लिया था। पूरा घर खंगाला डाला था। चोर तीन तोले सोने के जेवर, 3.80 लाख रुपये, सात नई साड़ी और कई कपड़े चोरी कर ले गए। 30 अप्रैल को उनके बेटे की शादी है। खरीदारी करके लाए थे। घर में नए कपड़े रखे हुए थे। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने जांच की। आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए। पुलिस को आशंका है कि चोरी चार या पांच अप्रैल की रात को हुई है।