बरहन। बदमाशों ने शुक्रवार की रात आंवलखेड़ा में सराफा की दुकान में नकब लगाकर सोने व चांदी का सामान चोरी कर लिया। नकब लगाने के लिए बदमाशों ने कॉलेज के चपरासी को बंधक बनाया और वहां आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों पर ब्लैक स्प्रे छिड़क दिया था, जिससे उनकी पहचान न हो सके। पीड़ित दुकानदार ने थाने में तहरीर दी है।
आंवलखेड़ा पुलिस चौकी के सामने राजकुमार वर्मा निवासी खांडा की आभूषणों की दुकान है। दुकान के पीछे की ओर इंटर कॉलेज है। स्कूल के चपरासी जयप्रकाश ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात तीन बदमाश कॉलेज में घुस आए और चाकू के बल पर उसे बंधक बना लिया। उसके बाद बदमाशों ने वहां शराब पी। इसके बाद सराफा की दुकान में नकब लगाकर चोरी की। पीड़ित दुकानदार के मुताबिक चोर दुकान से चांदी की मूर्ति, पायजेब, चूड़ी, कड़ा आदि सामान ले गए हैं। तिजोरी को भी काटने की कोशिश की गई।
बदमाशों के भागने के बाद किसी तरह छूटकर चपरासी ने पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन पता नहीं चला। थानाध्यक्ष बरहन शेर सिंह ने बताया कि पीड़ित दुकानदार ने तहरीर में चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि आंवलखेड़ा में नकब लगाकर चोरी की एक माह में यह तीसरी वारदात है। इससे पहले निधि किराना स्टोर और अजय प्रोविजन स्टोर पर भी चोरी हो चुकी है। पुलिस इनमें से किसी का भी अब तक खुलासा नहीं कर सकी है।