सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की सरकारी गाड़ी से सामान चोरी हो गया। पुलिस चौकी के सामने से ये वारदात हुई। हैरानी की बात तो ये है कि इस मामले में मुकदमा तक नहीं लिखा गया।
आगरा की ईदगाह पुलिस चौकी से 20 कदम की दूरी पर स्थित सूचना एवं जनसंपर्क विभाग उप निदेशक के कार्यालय में दो दिन चोरी की घटना हुई। जिला सूचना अधिकारी शीलेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि विभागीय वाहन संख्या यूपी 32 बीजी 3844 कार्यालय के गैराज में खड़ा हुआ था। 14 दिसंबर की रात्रि को दोनों साइड के पायदान और दो पंखे चोरी कर लिए गए।
विज्ञापन
वाहन के ऊपर लगी रैगजीन भी फाड़ दी गई। 15 दिसंबर की रात को गाड़ी का शीशा तोड़कर बैटरी, चार्जिंग सिस्टम, तौलिया, रीडिंग बुक सहित अन्य सामान चोरी कर लिया गया। पहले दिन तो ध्यान नहीं दिया गया। दूसरे दिन गाड़ी का शीशा टूटा मिलने पर पुलिस से शिकायत की। घटना ईदगाह पुलिस चौकी से मात्र 20 कदम की दूरी पर हुई।
शिकायत करने पर रिसीविंग नहीं दी गई। वहीं चौकी प्रभारी भी बस चोरों के बारे में पता करने के बारे में कहते रहे। जिला सूचना अधिकारी का आरोप है कि पुलिस ने विभाग में हुई चोरी को भी गभीरता से नहीं लिया। प्राथमिकी तक दर्ज नहीं की जा रही है। पुलिस की सुस्ती से चोरों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। मामले में उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि मामले में लिखित शिकायत अब तक नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।