करहल। काली मंदिर के पास स्थित एक मिनी मॉल में ग्राहक बनकर आए तीन युवक घड़ियां चोरी कर ले गए। शोरूम स्टाफ ने जब सीसीटीवी देखे तब चोरी की जानकारी हुई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई।
कस्बा निवासी इंजीनियर अरविंद यादव का काली मंदिर के पास मॉल है। शनिवार को मॉल में तीन युवक ग्राहक बनकर आए और काफी देर तक वहां सामान देखते रहे। कुछ देर बाद तीनों बिना कुछ खरीदारी किए वहां से चले गए। स्टाफ के लोगों ने संदेह होने पर जब सीसीटीवी देखे तो पता चला कि तीनों युवक वहां रखी कलाई घड़ियां चोरी कर ले गए हैं।
गार्ड आदि ने काफी देर तक आसपास तलाश की लेकिन कोई पता नहीं लग सका। सीसीटीवी देखने पर पता चला कि तीनों युवक एक प्लेटिना बाइक से आए थे। मामले में तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।