आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के छलेसर कैंपस में निर्माणाधीन हॉस्टल में उत्तर पुस्तिकाओं की रद्दी मिलने पर प्रभारी कुलपति ने रोष जताया। उन्होंने प्रभारी को उत्तर पुस्तिकाओं का नियमानुसार निस्तारकण कराते हुए साफ-सफाई के लिए कहा।
प्रभारी कुलपति प्रो. विनय पाठक सोमवार की सुबह करीब साढ़े 10 बजे छलेसर कैंपस स्थित फार्मेसी और शारीरिक शिक्षा विभाग का निरीक्षण करने पहुंचे। शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी के बाद कुलपति निर्माणाधीन हॉस्टल के निर्माण कार्य का जायजा लेने पहुंचे। यहां उन्होंनेे देखा कि एक कमरे में उत्तर पुस्तिकाओं का ढेर लगा है। पूछने पर प्रभारी ने बताया कि ये पूर्व की सत्रों की उत्तर पुस्तिकाएं हैं। कुलपति ने पूछा कि इनको ऐसे कैसे फेंका गया है। इनका नियमानुसार निस्तारण कराते हुए तत्काल सफाई कराई जाए। कमरे को हॉस्टल के छात्रों के रहने के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने साफ-सफाई और रखरखाव के लिनए फार्मेसी विभाग के शिक्षक डॉ. रविशेखर को जिम्मेदारी सौंपी है।