12 दिन से फुंका पड़ा ट्रांसफार्मर, बिजली-पानी की समस्या से जूझ रहे ग्रामीण
पिनाहट। थाना पिढौरा क्षेत्र के गांव पुरा बघेल में पिछले 12 दिनों से बिजली का ट्रांसफाॅर्मर फुंका होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच पूरे गांव की बिजली आपूर्ति ठप होने से घरों में अंधेरा पसरा है। वहीं पेयजल संकट भी गहरा गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली न होने से पानी की मोटरें बंद पड़ी हैं, जिससे पीने के पानी की व्यवस्था प्रभावित हो गई है। इसके अलावा पंखे, कूलर, फ्रिज सहित अन्य विद्युत उपकरण बेकार पड़े हैं। रात के समय अंधेरे और उमस के कारण लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। ग्रामीण तेजपाल ने बताया कि ट्रांसफाॅर्मर बदलवाने के लिए बिजली विभाग के टोल फ्री नंबर 1912 पर कई बार शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन 12 दिन बीत जाने के बाद भी विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीण तेजपाल, मुन्नालाल, महेश, रमेश, भगवान सिंह, शिव सिंह, भूरी सिंह, रामवीर सिंह सहित अन्य लोगों ने विद्युत विभाग से जल्द नया ट्रांसफाॅर्मर लगवाकर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे।