फोटो।कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालु
फतेहाबाद। नगला आम-हौद स्थित नगला रामस्वरूप में सोमवार को भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ किया गया। कलश यात्रा भागवत पंडाल से हौद, नगला आम, कुई कुमरगढ़ होते हुए वापस कथा स्थल में पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु पीत वस्त्र पहन कर व सिर पर कलश धारण कर शामिल हुई। इससे पूर्व कथा स्थल पर हवन पूजन किया गया।
कथा का शुभारंभ करते हुए कथावाचक आचार्य नारायण शास्त्री ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा जीवन के उद्देश्य एवं दिशा को दर्शाती है। इसलिए जहां भी भागवत कथा होती है, इसे सुनने मात्र से वहां का संपूर्ण क्षेत्र दुष्ट प्रवृत्तियों से खत्म होकर सकारात्मक ऊर्जा से सशक्त हो जाता है। उन्होंने कहा कि कथा की सार्थकता तभी सिद्ध होती है, जब इसे हम अपने जीवन और व्यवहार में धारण करें। श्रीमद्भागवत कथा के श्रावण से जन्म-जन्मांतर के विकार नष्ट होकर प्राणी मात्र का लौकिक व आध्यात्मिक विकास होता है। कथा परीक्षित महेंद्र सिंह व यज्ञपति चरण सिंह ने आरती के बाद प्रसाद वितरण करवाया। आयोजक खेतपाल वर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया।