आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण विभाग की ओर से आयोजित होने वाले यूनिफेस्ट की तैयारियां पूरी हो गई हैं। शुक्रवार से युवोत्सव का आगाज हो जाएगा। युवोत्सव के द्वितीय चरण के कार्यक्रम 9 और 10 जनवरी को होंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस संबंध में समय सारिणी जारी कर दी है, जिसमें प्रतिदिन होने वाली प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का पूरा विवरण दिया गया है। खंदारी परिसर में समारोह का आयोजन होगा।
छात्र कल्याण विभाग के अधिष्ठाता भूपेंद्र स्वरूप शर्मा ने बताया कि ये युवोत्सव का द्वितीय चरण है। प्रथम चरण पिछले साल हुआ था। दीक्षांत समारोह के कारण द्वितीय चरण पूरा नहीं हो सका था। समय सारिणी जारी कर सभी महाविद्यालयों को निर्देश दे दिए गए हैं। यूनिफेस्ट के दौरान संगीत, नृत्य, नाटक और ललित कला की विभिन्न विधाओं में प्रतियोगिताएं कराई जा रही हैं। इनमें शास्त्रीय और पाश्चात्य संगीत, लोक प्रस्तुतियां, नाटक, माइम, स्किट, पेंटिंग, पोस्टर मेकिंग, कार्टूनिंग, रंगोली, स्पॉट फोटोग्राफी और इंस्टॉलेशन जैसी प्रतियोगिताएं शामिल हैं।