मैनपुरी। धारऊ बाईपास मार्ग से नवादा जाने वाले मार्ग की मरम्मत कराई जाएगी। बाईपास से नवादा को जाने वाले लगभग दो किलोमीटर लंबे मार्ग के बदहाल होने के कारण सालभर इस मार्ग पर जलभराव रहता है। बारिश होने पर इस मार्ग पर राहगीरों और ग्रामीणों सहित स्कूल जाने वाले छात्र छात्राओं की परेशानी और ज्यादा बढ़ जाती है। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह के पत्र के बाद लोक निर्माण विभाग ने काम शुरू कराने की तैयारी की है।
धारऊ बाईपास मार्ग से एक संपर्क मार्ग नवादा के लिए जाता है। यह मार्ग लंबे समय से बदहाल है। नवादा के ग्रामीणों ने एक महीने पहले शिविर कार्यालय पर पहुंचकर पर्यटन मंत्री से बदहाल मार्ग सही कराने की मांग की थी। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को बदहाल मार्ग सही कराने के निर्देश दिए थे। पर्यटन मंत्री के निर्देश के बाद लोक निर्माण विभाग ने काम शुरू कराने की तैयारी की है। दो दिन पहले जेई ने मार्ग की पैमाइश कराई है।