बेवर। थाना परिसर में रुपये को लेकर विवाद कर रहे दो पक्ष के लोगों को पुलिस ने हिरासत में लेकर कार्रवाई की है। हाइवे पर कराए जा रहे निर्माण कार्य में लगे लोडर वाहन को बंटू और गौरव निवासी कल्याणपुर थाना ऊसराहार इटावा ठेकेदार के पास ले जा रहे थे। तभी मधुपुरी निवासी ओमकार तिवारी ने साथी संजीव, रामू व गौतम के साथ मिल कर गाड़ी को रोक लिया और थाने ले आए। उनका आरोप था कि ठेकेदार ने पहले कराए गए काम के रुपये नहीं दिए। वह उनका वाहन जाने नहीं देंगे। दोनों पक्ष के लोगों के बीच विवाद होने लगा। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर शांतिभंग की कार्रवाई की।
रोडवेज बस की चपेट में आए बाइक सवार
भोगांव। गिहार कालोनी के पास रविवार को रोडवेज बस की चपेट में आकर बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। दोपहर को एटा की ओर से आ रही रोडवेज बस कुरावली की ओर से आ रहे बाइक सवारों को चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार पवन निवासी गांव नावर एटा और 70 वर्षीय रामादेवी घायल हो गईं। दोनों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया।
बाइक रोककर दंपती को पीटा, केस दर्ज
किशनी। थाना क्षेत्र में बाइक से जा रहे दंपती को पीटने के मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया है। नगला भूपति कुसमरा निवासी नन्नू सिंह ने बताया कि वह पत्नी सुगंती देवी और चाची भारती के साथ बाइक से कुसमरा जा रहे थे। रास्ते में अजीत, प्रभात, रजनीकांत, निहाल ने बाइक को रोक लिया, सभी शराब के नशे में धुत थे। गाली गलौज करते हुए उन्हें पीटने लगे। पत्नी की भी पिटाई की। प्रभारी निरीक्षक ललित भाटी ने बताया कि केस दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।