दीवार के नीचे दबकर घायल हुए वृद्ध ने तोड़ा दम
लालपुर में हुआ था हादसा, मृतक के घर में मचा कोहराम
संवाद न्यूज एजेंसी
बेवर। गांव लालपुर में चार दिन पूर्व दीवार के मलबा के नीचे दब कर घायल हुए वृद्ध ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मंगलवार को शव गांव पहुंचा तो कोहराम मच गया। गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। हादसे के बाद मृतक के घर में चीख पुकार मची है।
थाना क्षेत्र की नवीगंज चौकी नवीगंज के गांव लालपुर अमर सिंह दिवाकर (65) 21 मार्च को घर की सफाई का काम कर रहे थे। तभी उन पर घर के बाहर बने बाथरूम की एक दीवार पलट गई। दीवार के मलबे के नीचे वृद्ध दब गए। चीख पुकार सुनकर परिजन व आसपास के लोग एकत्र हो गए। मलबे को हटाने के बाद वृद्ध को बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू कर दिया। स्वास्थ्य लाभ न होने के चलते परिजन मेडिकल कॉलेज सैफई ले गए थे। वहां सोमवार की रात को वृद्ध ने दम तोड़ दिया। वृद्ध की मौत की सूचना गांव पहुंची तो परिजन में चीख पुकार मच गई। मंगलवार को अमर सिंह का शव गांव पहुंचा। गमगीन माहौल में परिजन ने अंतिम संस्कार किया।