बाह। रघुनाथपुरा गांव के पास रेलवे ट्रैक पर सोमवार को युवक का क्षत विक्षत शव पड़ा होने से हड़कंप मच गया। शव को कुत्ते नोंच रहे थे। सूचना पर करीब साढे़ सात बजे पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
तड़के साढ़े पांच बजे आगरा-इटावा वाया बाह रेलवे लाइन पर रघुनाथपुरा के पास ओवरब्रिज पर करीब 30 साल के युवक का क्षत विक्षत शव पड़ा था। खेतों की ओर निकल रहे ग्रामीणों और राहगीरों ने शव को नोच रहे कुत्तों को वहां से भगाया और पुलिस को सूचना दी। बटेश्वर और भदरौली चौकी के बीच सीमा विवाद की वजह से करीब साढ़े सात बजे पुलिस मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर संजीव शर्मा ने बताया कि मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।