मैनपुरी/घिरोर। घिरोर क्षेत्र में रजबहा की सिल्ट सफाई कार्य का निरीक्षण करने गए सिंचाई विभाग के जेई के साथ ठेकेदार के गुर्गों ने गाली-गलौज व मारपीट कर दी। जेई के कपड़े भी फाड़ दिए गए। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शैलेश कुमार सिंचाई विभाग प्रखंड निचली गंगा नहर में जेई के पद पर तैनात हैं। मंगलवार को वह नगरिया रजबहा के सिल्ट सफाई कार्य का निरीक्षण करने गये थे। कार्य चंचल एसोसिएट मथुरा के फौरन सिंह द्वारा कराया जा रहा है। वहां देखा कि काम मानकों के अनुरूप नहीं हो रहा। इस पर जेसीबी मशीन के ऑपरेटर को सही ढंग से कार्य करने के लिए कहा। ऑपरेटर ने यह बात ठेकेदार मैसर्स चंचल एसोसिएट को फोन कर बताई। इस पर फर्म के दो व्यक्ति रिंकू यादव व एक अन्य साइट पर आए और उनके साथ गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। उनके कपड़े भी फाड़ दिए। आरोपियों ने धमकी दी कि साइट पर अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता जो भी आएगा, उसको पीटेंगे। सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए नहर की लाइनिंग सेक्शन में ब्रिक लाइनिंग तोड़ दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
----
संगठन ने जताया आक्रोश
जेई के साथ अभद्रता की घटना पर सिविल डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ के पदाधिकारियों ने आक्रोश जताया। जनपद सचिव मुकेश चंद्र ने पत्र लिखकर मामले की जानकारी अधिशासी अभियंता मैनपुरी प्रखंड निचली गंग नहर को दी। डीएम और एसपी को भी प्रतिलिपि भेजी है। इसमें कार्रवाई की मांग की है।
-------
तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-पहलवान सिंह, प्रभारी निरीक्षक