कासगंज में दोपहर के समय धूप से बचाव के लिए पेड़ की छांव में बैठे लोग ।
- फोटो : कासगंज में दोपहर के समय धूप से बचाव के लिए पेड़ की छांव में बैठे लोग ।
कासगंज। सूरज की बढ़ती तपिश व लू ने झुलसन बढ़ा दी। इससे लोगों के पसीने छूटने लगे। अधिकतम पारा 40 डिग्री तक पहुंच गया। गर्मी की अधिकता से बाजार की चहल-पहल प्रभावित हो गई। अगले तीन दिन में 43 डिग्री तक तापमान पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। इससे लोगों को दिक्कतें बढ़ेंगी।
सुबह से ही आसमान बादलों से साफ हो गया। चटख धूप के चलते भोर से ही सूरज की तपिश परेशान करने लगी। न्यूनतम पारा 27 डिग्री पर बना रहा। जबकि दोपहर में अधिकतम तापमान में एक डिग्री की बढ़ोतरी हुई। अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक पहुंचने से लोग परेशान रहे। सूरज की तपिश के साथ गर्म हवा के झोंके लोगों को झुलसाने लगे। ऐसे में लोग पेड़ों के नीचे बैठकर राहत पाने की कोशिश में जुटे रहे। गर्मी के कारण दोपहर में शहर में पैदल चलने वालों की संख्या भी कुछ कम दिखी। लोग छाता लगाकर या फिर चेहरा ढककर निकलते देखे गए। आने वाले तीन दिनों में लगातार तापमान में बढ़ोतरी होने का अनुमान है। इससे झुलसन बढ़ेगी।
रात में भी गर्मी रहने से परेशान रहे लोग
जिले में शनिवार को रात के समय भी मौसम में गर्मी रही। गर्म हवा के चलने से कूलर पंखे में भी लोगों को राहत नहीं मिली। रात के समय अधिकतम तापमान 28 डिग्री तक रहा।
जिले के तापमान में अभी और वृद्धि होगी। तीन दिन में पारा 43 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। लू चलने की भी संभावना है- बृज विकास सिंह, कृषि वैज्ञानिक